A young man hanged himself in front of a women’s police station in Jhansi | झांसी में महिला थाने के सामने युवक ने लगाई फांसी: पेड़ पर लटका मिला शव, आधार कार्ड से शिनाख्त हुई, सुसाइड की मिस्ट्री उलझी – Jhansi News

झांसी में महिला थाने के सामने पेड़ पर फांसी लगाकर एक युवक ने सुसाइड कर लिया। देर रात उसका शव फंदे पर लटका मिला है। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वह फतेहपुर का रहने वाला था और बेंगलुरु से घर लौट रहा था।
.
अब सबसे बड़ा सवाल है कि वह झांसी क्यों उतरा और थाने के सामने सुसाइड क्यों किया? ऐसे तमाम सवालों के जबाव पुलिस ढूंढ़ रही है। सूचना पर परिजन फतेहपुर से झांसी के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है।
पेड़ पर लाश लटकी देखी तो मचा हड़कंप
महिला थाने के सामने कई पेड़ लगे हुए हैं। बुधवार रात लगभग 9 बजे लोगों को एक युवक की लाश गुलमोहर के पेड़ पर लटकते हुए नजर आई। युवक गमछे के सहारे पेड़ पर फंदा बनाकर लटका था। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और शव को नीचे उतारा गया।
उसकी जेब से एक आधार कार्ड मिला। जिससे मृतक की पहचान फतेहपुर जिले के जाफराबाद के शाहपुर निवासी सुमित कुमार पुत्र राजकुमार कुशवाहा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजन झांसी के लिए रवाना हो गए हैं।
ट्रेन से घर जा रहा था
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि सुमित बैंगलुरु में नौकरी करता था। उसकी अपने घरवालों से कम ही बात होती थी। पिछले दिनों वह ट्रेन में बैठकर घर लौट रहा था। लेकिन वह घर न जाकर झांसी में उतर गया। आज शाम को अंधेरे का लाभ उठाते हुए उसने महिला थाने के सामने फांसी लगा ली। सुमित का छोटा भाई दुबई में नौकरी करता है।