The special judge said the incident spot was 3 KM ahead | विशेष न्यायधीश ने 3KM आगे बताया घटना स्थल: अलीगढ़ में फर्रुखाबाद के जज के ऊपर हुआ था हमला, पुलिस ने दर्ज किए हैं न्यायधीश के बयान – Aligarh News

घटना के बाद से पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है।
अलीगढ़ के खैर थाना क्षेत्र में फर्रुखाबाद के विशेष न्यायधीश के ऊपर हुए हमले के मामले में एक नया मोड़ आया है। न्यायधीश ने अलीगढ़ आकर पुलिस की सुरक्षा में घटना स्थल का निरीक्षण किया, जिसमें उन्होंने अब घटना स्थल को तीन किलोमीटर आगे बताया है।
.
वह गुरुवार देर शाम को अलीगढ़ आए थे और उन्होंने सोफा चौकी इंचार्ज के साथ घूमकर घटना स्थल का निरीक्षण किया था। उन्होंने घटना के बारे में पुलिस को विस्तार से कई जानकारियां भी दी थी। जब उन्होंने दुबारा मौका मुआयना किया तो घटना स्थल को पहले वाले स्थान से तीन किलोमीटर आगे सुजानपुर गेट पर बताया है।
न्यायधीश को सुरक्षा के लिए मिला है गनर
विशेष न्यायधीश डॉ अनिल कुमार सिंह पर हुए जानलेवा हमले के बाद फर्रुखाबाद प्रशासन ने उन्हें सुरक्षा के लिए गनर भी दिया है। वह 14 नवंबर की देर शाम को अपने गनर के साथ अलीगढ़ आए थे। उन्होंने सोफा चौकी इंचार्ज महिपाल सिंह के साथ घटना स्थल का मौका मुआयना किया था।
सबसे पहले वह गौमत चौराहे के आगे स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे। जिसके बाद उन्होंने बताया कि यह घटना स्थल नहीं है। फिर न्यायधीश ने बताया कि यह वह स्थान नहीं है। जिसके बाद वह टीम के साथ आगे बढ़े और तीन किलोमीटर दूर जाकर उन्होंने घटना स्थल होने की बात कही है। अब पुलिस इस घटना स्थल के आधार पर जांच कर रही है।
न्यायधीश के दर्ज किए गए बयान
विशेष न्यायधीश डॉ अनिल कुमार सिंह ने घटना स्थल को बदल दिया है। जिसके बाद पुलिस ने न सिर्फ अपनी जांच की दिशा में बदलाव किया है। वहीं दूसरी ओर उन्होंने विशेष न्यायाधीश के बयान भी दर्ज किए हैं। पुलिस को अपने बयान दर्ज कराने के बाद वह नोएडा चले गए हैं।
29 अक्टूबर को हुआ था हमला
फर्रुखाबाद के विशेष जज डॉ अनिल कुमार सिंह 29 अक्टूबर को नोएडा जा रहे थे। इसी दौरान अलीगढ़ के खैर थाना क्षेत्र में एक सफेद बलेनो कार ने उनका पीछा किया था और उन्हें रोकने की कोशिश की थी। आरोपी उन्हें गाड़ी के अंदर से हथियार दिखा रहे थे और जान से मारने का प्रयास करना चाहते थे। जिसके बाद न्यायधीश ने पुलिस चौकी पहुंचकर जान बचाई थी और फिर 9 नवंबर को ई-मेल के जरिए तहरीर भेजकर मुकदमा दर्ज कराया था।
250 से ज्यादा देखे गए सीसीटीवी
घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही है। अब तक आसपास के क्षेत्र के 250 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा चुके हैं, लेकिन पुलिस को आरोपियों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका है। लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्दी ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
सीओ खैर वरुण सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जल्दी ही पुलिस सारी घटना का खुलासा करेगी।