4 day old dead body of a woman found hanging from a hook | खूंटी पर लटका मिला महिला का 4 दिन पुराना शव: झांसी में झगड़े के बाद से लापता है पति, बदबू आने पर लोगों ने बुलाई पुलिस – Jhansi News

झांसी में एक दिव्यांग महिला का शव खूंटी पर लटका मिला है।
झांसी में एक दिव्यांग महिला का शव खूंटी पर लटका मिला है। शव लगभग 4 दिन पुराना है। बदबू आने पर लोगों ने पुलिस को बुलाया। पुलिस जैसे ही घर के अंदर दाखिल हुई तो कमरे में संदिग्ध अवस्था में महिला का शव लटक रहा था।
.
महिला जमीन पर बैठी थी और उसके गले व खूंटी में रस्सी बंधी हुई थी। महिला का पति घर से लापता है। चार दिन पहले ही उसका पड़ोसियों से झगड़ा हुआ था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला टहरौली थाना क्षेत्र के रौरा गांव का है।
5 साल पहले हुई थी शादी
रानी और पिंटू की शादी 5 साल पहले हुई थी। अब रानी की मौत हो गई। (फाइल फोटो)
मृतका का नाम रानी राजपूत (27) पत्नी पिंटू उर्फ प्रेम किशोर था। रौरा गांव की रहने वाली थी, जबकि उसका मायका अमरा गांव में है। पिता कमलेश कुमार ने बताया कि मेरी बेटी रानी की शादी 5 साल पहले पिंटू से हुई थी। बेटी पैर से दिव्यांग थी। उसका पति आए दिन बेटी के साथ झगड़ा करता था। 4 दिन पहले भी दामाद ने पड़ोसियों से झगड़ा किया था।
इसके बाद से पति घर से गायब है। 4 दिन से पिंटू गांव में नजर नहीं आया और बेटी की कोई एक्टिवी नहीं दिखी। सोमवार से घर के अंदर से बदबू आ रही थी। मंगलवार को बदबू बढ़ गई। तब ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस किसी तरह घर के अंदर दाखिल हुई तो कमरे में खूंटी पर रानी का शव लटका था। शव लगभग 4 दिन पुराना है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शराब पीकर आए दिन बेटी को मारता था

घर से बदबू आने पर पुलिस पहुंची तो कमरे में महिला का शव लटक रहा था।
शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पूरा गांव घर के बाहर इकट्ठा हो गया। पति का पता नहीं चला तो रानी के पिता को सूचना दी गई। तब वे अमरा से रौरा गांव पहुंच गए। पिता का कहना है कि दामाद पिंटू आए दिन शराब पीकर बेटी से झगड़ा करता था। बेटी-दामाद को मकान बनवाकर दिया था। घर गृहस्थी का सामान भी लाकर रखा था। मगर शराब पीने के लिए उसने सबकुछ बेच दिया।
टहरौली थाना प्रभारी विनय दिवाकर ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने आकर जांच पड़ताल की है। प्रथमदृष्टया मामला फांसी लग रहा है। बाकी पोस्टमार्टम से स्थिति स्पष्ट होगी। पति का सुराग नहीं लगा। महिला दिव्यांग थी, पति अक्कर मारपीट करता था। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।