Reaction: DCM Pathak said-BJP will win 8 out of 9 seats | पिस्टल वाली सीट पर भाजपा को सबसे अधिक वोट: केशव बोले मोदी हैं तो मुमकिन है… सपा ने कहा- पुलिस-प्रशासन ने बहुत मेहनत की – Uttar Pradesh News

यूपी उपचुनाव की काउंटिंग चल रही है। भाजपा+ 7 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कानपुर के सीसामऊ सीट से सपा प्रत्याशी नसीम सोलंकी ने पहली जीत दर्ज की है। नतीजों को लेकर भाजपा और सपा नेता अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। पढ़िए किसने क्या कहा…
.
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि भाजपा 9 में से 8 सीट जीतेगी। करहल में हम कड़ी टक्कर दे रहे हैं। करहल सीट सपा जीत सकती है, क्योंकि वहां उनके बिरादरी के वोट ज्यादा हैं। इसलिए वे बेहतर स्थिति में हैं। सपा हताश हो गई है। जो लोग हारते हैं वे उल्टा-सीधा बोलते हैं।
केशव बोले- जनता ने कमल खिलाया
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने उपचुनाव में भाजपा की बढ़त पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा- सीमा पर भारत देता है, गोली का जवाब गोला से। देश के भीतर विपक्ष की गाली का जवाब जनता देती है लोकतंत्र की ताकत से कमल खिलाकर। बहुमत का जवाब भाजपा देती है सुशासन, जनसेवा, विकास, गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण से, क्योंकि मोदी हैं तो मुमकिन है। इसके साथ ही उन्होंने नारा दिया जय भारत, जय भाजपा।
सपा ने बोली- जनता को वोट डालने से रोका
सपा प्रवक्ता उदयवीर ने कहा कि भाजपा के लोगों ने जहां खुद वोट डाला है, उसके बारे में वे कह रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अपने अधिकारियों और पुलिस के साथ पूरी मेहनत की। जनता को वोट डालने से रोका। सपा सभी कई सीटों पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। हार के डर से वीडियो भी हमने बनवा लिए, पिस्टल भी हम ही ने दिखा लिए, चुनाव आयोग के साथ भी सपा ने षड्यंत्र करके 7 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की। क्या यह सब लोगों ने नहीं देखा। कहीं भी भाजपा के लोगों को रोका नहीं गया। 100 फीसदी रिपोर्ट यही आई कि समाजवादी पार्टी के वोटरों को रोका जा रहा है। इसके डिजिटल प्रूफ हैं।
अब पढ़िए अपनी जीत से आश्वस्त प्रत्याशियों ने क्या कहा-
फूलपुर प्रत्याशी दीपक पटेल :भारतीय जनता पार्टी को, जनता जनार्दन को, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश संगठन के अध्यक्ष के आशीर्वाद से यह स्थिति आई है कि हम आगे चल रहे हैं। योगी का धन्यवाद वे दो बार आए। सपा जो आरोप लगा रही है वह फर्जी है। जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से हम जीत हासिल करेंगे।

ठाकुर रामवीर सिंह: कुंदरकी के 436 बूथों में से 2 बूथ छोड़ कर मैं सभी बूथों पर 60 से 80 प्रतिशत से अधिक वोट पाऊंगा। रिजवान के दो बूथों में से एक मैं जीत कर जा रहा हूं। दूसरे बूथ पर बराबरी का मुकाबला है। यहां सपा के उम्मीदवार ने कहा कि कुत्ते के गले में पट्टा डाल दूं तो वह भी यहां जीत जाएगा। इसके बाद मैं मुस्लिम समाज के लोगों के बीच गया और कहा कि यह बताओ समाजवादी पार्टी में कुत्ते के पट्टे की अहमियत है, मुसलमानों की अहमियत नहीं है। इसी तरह यादवों के बीच में भी यही मुद्दा रखा कि यादवों के वोट की अहमियत नहीं है, केवल कुत्ते और कुत्ते के पट्टे की अहमियत है, तुम्हारे वोट की कोई अहमियत नहीं है। इसके बाद लोगों ने मुझे भरोसा दिया।
तेज प्रताप यादव : करहल से सपा प्रत्याशी तेज प्रताप यादव ने कहा- अभी हम लोग बढ़त बनाए हुए हैं। जनता ने शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए मतदान किया है, जिस तरह से प्रशासन ने सत्ता ने दुरुपयोग किया, इसके बावजूद भी साथियों और जनता ने मजबूती से चुनाव लड़ाया है। अच्छे मार्जिन से चुनाव जीतेंगे। पूरा देश जानता है कि चुनाव के दिन मीडिया में वीडियो वायरल हुए कुंदरकी और मीरापुर में भाजपा की तरह से पुलिस ने चुनाव लड़ा, सभी ने देखा है। करहल में अच्छे मार्जिन का वोट मिलेगा, अच्छे मतों से हम लोग चुनाव जीतेंगे। जहां से भी पीछे चल रहे हैं, वहां कम मार्जिन है, समाजवादी पार्टी चुनाव जीतेगी।