The day is hot in Gorakhpur but the night is cold | गोरखपुर में दिन तो गर्म, लेकिन रात में ठंड: तापमान में गिरावट से बढ़ी ठंड, बीमारियों का खतरा भी बढ़ा – Gorakhpur News

गोरखपुर में दिन तो गर्मी का एहसास करा रहा है, लेकिन रात के तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। पिछले दो दिनों से न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर चुका है, और बुधवार को यह 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
.
इस अचानक बदलाव के कारण शहर में खांसी, जुकाम और बुखार जैसी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। चिकित्सक इस मौसम के उतार-चढ़ाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।
तापमान में उतार-चढ़ाव से हो रहा गर्मी का एहसास मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले पांच दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक का बदलाव देखा गया है, जबकि न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। 14 नवंबर को दिन का तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस था, जिसके बाद तीन दिनों तक यह 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा। सोमवार को यह फिर 29.5 डिग्री सेल्सियस और मंगलवार को 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक है।
शाम के बाद बढ़ रही गलन
हालांकि दिन में धूप से मौसम खुशनुमा बना हुआ है, लेकिन शाम होते ही तापमान में गिरावट शुरू हो जाती है। रात का तापमान तेजी से गिरकर सामान्य से नीचे पहुंच रहा है, जिससे ठंड का प्रभाव महसूस होने लगा है। दिन और रात के बीच तापमान का अंतर बढ़ने के कारण लोग दिन में हल्के कपड़े पहनकर बाहर निकलते हैं, लेकिन शाम को घर लौटते समय ठंड का सामना करने में उन्हें परेशानी हो रही है।
अभी और बढ़ेगी ठंड मौसम विशेषज्ञ डॉ. कैलाश पांडे के अनुसार, समुद्र तल से 12.6 किमी ऊपर एक तेज गति की जेट स्ट्रीम हवाएं उत्तर पश्चिम भारत में चल रही हैं, और चक्रवाती परिसंचरण पाकिस्तान और उसके आस-पास के क्षेत्रों में बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है। न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।