The bride’s side held the groom and his baraat hostage | दुल्हन पक्ष ने दूल्हे समेत बारात को बनाया बंधक: प्रेमिका ने मैरिज हॉल आकर किया हंगामा, दूल्हे के साथ दिखाई अपनी कई फोटो – Bulandshahr News

बुलंदशहर में अलीगढ़ से आई बारात को दुल्हन पक्ष ने बंधक बना लिया। निकाह पढ़े जाने से पहले प्रेमिका पक्ष के लोगों ने बारात घर में हंगामा खड़ा कर दिया। दुल्हन के रिश्तेदारों के पास प्रेमिका का फोन पहुंचने पर लोगों को दूल्हे की असलियत का पता चला।
.
कन्या पक्ष ने बारात में आए दूल्हे और उसके परिजनों को बंधक बना लिया। वहीं शादी समारोह में हंगामा बढ़ते देख बारात उल्टे पैरों वापस लौट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। उधर निकाह न होने के कारण दुल्हन के हाथों में लगी मेहंदी सुनी रह गई।
दरअसल सोमवार रात को पहासू के मोहल्ला पठान टोला में पप्पू खां की बेटी उज़्मा की बारात अलीगढ़ से आई थी। मैरिज हाल में दावत चल रही थी। दुल्हन भी मैरिज होम में पहुंच चुकी थी। निकाह पढ़े जाने से पहले अलीगढ़ से कुछ लोग शादी स्थल पर आ धमके। वहां पर हंगामा खड़ा कर दिया।
इस बीच उन्होंने दूल्हे और उसकी प्रेमिका के अंतरंग फोटो भी दुल्हन पक्ष को दिखाए। प्रेमिका की उनसे बात कराई। प्रेमिका का दावा था कि वह और दूल्हा काफी दिनों से लिव इन रिलेशन में रह रहे हैं। इसलिए मेरे होते हुए वह किसी और से शादी नहीं कर सकता।
दूल्हे की पोल खुलते ही कन्या पक्ष ने दूल्हे अज़ीम और उसके रिश्तेदारों को बंधक बना लिया। मामला पुलिस तक पहुंचने पर पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आयी। दूल्हा पक्ष के लोगों ने शादी में आए खर्चे की भरपाई करने की बात पर बंधकों को छोड़ दिया।