Women kept fast of Karva Chauth in Gorakhpur | गोरखपुर में महिलाओं ने रखा करवाचौथ का व्रत: मेकअप-मेंहदी की एडवांस बुकिंग, चलनी में चांद और पति का चेहरा देख करेंगी व्रत का पारण – Gorakhpur News

गोरखपुर में करवा चौथ का व्रत आज रविवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी मनाए जाने वाला यह पर्व इस बार व्यतिपात और वारियान योग में मनेगा। सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र के लिए निर्जल व्रत रहकर पूजा-अर्चना करेंगी। वहीं,
.
वहीं, करवा चौथ को लेकर सुहागिनों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शनिवार को ही शहर की महिलाएं अभी से पूजा का सामान खरीदने के साथ ही कपड़े की शॉपिंग करने को लेकर काफी उत्सुक नजर आईं। शहर के बाजारों में करवा चौथ के त्योहार पर मेकअप और मेंहदी के लिए एडवांस बुकिंग चल रही थी। इस त्योहार में पूजा करते समय करवा चौथ की कथा का पाठ करना बेहद जरूरी माना जाता है।
साड़ियों की दुकानों पर लगी भीड़ करवा चौथ के त्योहार पर गोरखपुर के घंटाघर, हिंदी बाजार, गोलघर और मोहद्दीपुर समेत सभी बाजारों में साड़ी की अच्छी मांग हैं। साड़ियों के व्यापारी मुकेश तुलस्यान ने बताया कि महिलाओं की पसंद के अनुसार सिल्क, काटन और चंदेरी साड़ियों की सभी वैराएटी मंगाई गई है। कुछ महिलाएं बनारसी साड़ी की भी डिमांड करती हैं। इसलिए उसकी भी पर्याप्त रेंज रखी गयी है। मुकेश ने बताया कि 800 से लेकर 15 हजार तक की साड़ियां उपलब्ध हैं।
मेंहदी और मेकअप की एडवांस बुकिंग करवा चौथ पर गोरखपुर की महिलाएं मेकअप और मेंहदी को लेकर भी खूब उत्साहित हैं। आलम यह है कि मेकअप के शोरूम में एडवांस बुकिंग की जा रही है। ज्यादातर महिलाएं नार्थ इंडियन और पंजाबी लुक के मेकअप को पसंद कर रही हैं। मेकअप आर्टिस्ट प्रगती सिंह तोमर ने बताया कि करवा चौथ के लिए बाकायदा स्लॉट बुक किए जा रहे हैं। जिसकी प्राइस 1500 से लेकर 10 हजार रूपए तक रखी गयी है।

पीतल के करवों की डिमांड गोरखपुर की सुहागिन महिलाएं पीतल के करवों को ज्यादा पसंद कर रही हैं। पूजा सामग्री के व्यापारी प्रमोद कुमार ने बताया कि रोजाना 100 से अधिक पीतल के करवे बिक रहे हैं।गोरखपुर में महिलाएं मुख्य रूप से कतरा, चलनी और करवा से पूजा करती हैं। सादा करवा 20 रुपए, रंगा करवा 35 रुपए और बड़े करवे का दाम 40 रुपए निर्धारित किया गया है। सबसे ज्यादा डिमांड में चल रहे पीतल के करवे का मूल्य 280 रूपये रखा गया है। जबकि थाली का सेट 150 से लेकर 200 रुपये, चलनी 30 से लेकर 40 रुपये और कतरा व दीया 100 रुपये सैंकड़ा के हिसाब से बेचा जा रहा है।

7:40 बजे होगा चंद्रोदय ज्योतिषाचार्य पंडित रवि शंकर पांडेय के अनुसार, रविवार को कार्तिक कृष्ण तृतीया तिथि का मान दिन में 10 बजकर 46 मिनट तक है। इसके बाद चतुर्थी तिथि हो जा रही है। दिन में 1 बजकर 15 मिनट पश्चात रोहिणी नक्षत्र है।
इसी में चंद्रोदय रात में 7 बजकर 40 मिनट पर होगा। इससे इस समय व्यतिपात और वरीयान दोनों योग बन रहा है। चंद्रमा की स्थिति रोहिणी नक्षत्र पर (उच्च का होने से) यह परिवार में शुभता प्रदान करने वाला और दांपत्य जीवन में मधुरता का संचार करने वाला होगा।

13 घंटे 10 मिनट का व्रत रखेंगी महिलाएं उन्होंने बताया, हिंदू पंचांग के मुताबिक, करवाचौथ का व्रत सुबह 6:46 बजे से शुरू होकर रात 7:40 बजे तक रहेगा। यानी पति के लिए सुहागिनें 20 अक्टूबर दिन रविवार को 13 घंटे 10 मिनट का व्रत रखेंगी।
इस बार करवाचौथ पर गज केसरी योग पड़ रहा है, जो बहुत ही शुभाशुभ है. इस दिन नियम से व्रत पूजन करने से पति की आयु, यश और समृद्धि होती है. वहीं, इस बार उच्च राशि का चंद्रमा होने से अक्षत सुहाग के शुभ मांगलिक योग हैं. चंद्रोदय रविवार रात 07.56 बजे होगा.

ऐसे होती है पूजा-अर्चना पंडित रवि शंकर पांडेय ने बताया कि करवा चौथ का चित्र दीवार पर अथवा कागज पर बनाया जाता है, जिसमें सूर्य, चंद्रमा, गंगा, यमुना ,भाई- बहन, हरि गौरी इत्यादि के चित्र बनाए जाते हैं। चंद्रमा निकलने से पूर्व पूजा स्थल रंगोली अथवा अल्पना से सजाया जाता है।
इसके साथ ही एक करवा रखी जाती है उसमें पांच अथवा सात सीक डाल दी जाती है। करवां मिट्टी का होता है। फिर रात में चंद्रमा निकलने पर चंद्र दर्शन कर अर्घ्य दिया जाता है। चंद्रमा का दर्शन छलनी (चलनी) से किया जाता है। चंद्रमा के चित्र पर निरंतर जल धारा छोड़ी जाती है तथा सुहाग और समृद्धि की कामना की जाती है। पति के हाथ से जल ग्रहण कर व्रत का समापन होता है।