Weather is pleasant due to heavy rain in Aligarh | अलीगढ़ में झमाझम बारिश से मौसम सुहावना: धूप निकलने के कारण हो रही थी उमस, बारिश हुई तो मौसम में आई ठंडक – Aligarh News

अलीगढ़ में शुक्रवार को दोपहर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई।
अलीगढ़ में शुक्रवार दोपहर के बाद अचानक झमाझम बारिश शुरू हो गई। अचानक शुरू हुई बारिश और ठंडी हवाओ के बाद जहां एक ओर मौसम में ठंडक आई, वहीं दूसरी ओर लोगों को भीषण गर्मी और उमस से भी राहत महसूस हुई है।
.
पूरे प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है और कई जिलों में बाढ़ के हालात भी बने हुए हैं। लेकिन अलीगढ़ जिला लगातार बारिश के लिए तरस रहा है। सुबह से ही जिले में धूप निकली हुई थी और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन देखते ही देखते काले बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई।
तापमान में आई गिरावट, उमस से मिली राहत
अलीगढ़ में दोपहर 1:30 बजे से बारिश का माहौल बनना शुरू हो गया और आसमान में काले घने बादल छा गए। वहीं देखते ही देखते लगभग 2 बजे से तेज बारिश शुरू हो गई। जब सोमवार सुबह से बारिश शुरू हुई तो लोगों ने राहत महसूस की, इसके साथ ही तापमान में भी गिरावट आ गई।
सुबह से लोग उमस से परेशान हो रहे थे। लेकिन झमाझम बारिश और ठंडी हवाएं शुरू होने के बाद जहां एक ओर धूप से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर जिले के तापमान में भी गिरावट हुई। जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। जो बारिश के बाद 31 डिग्री पर आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान में भी गिरावट हो सकती है।
बारिश के लिए लगातार तरस रहा जिला
अलीगढ़ में अभी तक मानसून की दस्तक ठीक तरह से नहीं हुई है। पिछले साल के मुकाबले जुलाई माह में काफी कम बारिश हुई है, वहीं औसत बारिश की तुलना की जाए तो जिले में 40 फीसदी बारिश भी नहीं हुई है।
जुलाई माह पूरी तरह से सूखा गया था और सिर्फ 2 दिन ही हल्की फुल्की बरसात हुई थी। वहीं सावन माह में भी अलीगढ़ को बारिश का इंतजार ही करना पड़ा। एक दो दिन हल्की बूंदाबांदी हुई और बादल बिना बरसे ही वापस लौट जा रहे थे। ऐसे में जब शुक्रवार को झमाझम बारिश हुई तो लोगों ने काफी राहत महसूस की।