The husband gave cockroach killing medicine to his wife | पति ने पत्नी को पिला दी कॉकरोच मारने की दवा: पीलीभीत में दूसरी महिला से चल रहा था अफेयर, विरोध करने पर दी सजा – Pilibhit News

पीलीभीत में दहेज की मांग के चलते एक विवाहिता को ससुराल पक्ष के लोगों ने कॉकरोच मारने की दवा पिलाकर उसे मौत के घाट उतारने का प्रयास किया। पूरे मामले में शिकायत के आधार पर पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
.
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के तेलमिल कॉलोनी निवासी अनिल प्रताप सिंह ने थाना सुनगढ़ी पुलिस को तहरीर दी। जिसमें कहा गया कि उसने अपनी पुत्री ऐश्वर्या सिंह की शादी 12 फरवरी 2023 को शान्तनु सिंह पुत्र दिनेश कुमार सिंह राठौर निवासी आवास विकास कल्यानपुर जिला कानपुर के साथ की थी। शादी के बाद से उसकी ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज में कार और 20 लाख रुपए की मांग करना शुरू कर दी।
पति का दूसरी महिला से था अफेयर
दहेज न देने पर उसके पति शान्तुन, सास विनीता, ससुर दिनेश, जेठ शैलेश, जिठानी मीरा ने उसको प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इसके बाद उनकी पुत्री को दामाद दिल्ली ले गया। दिल्ली के कमरे में एक लड़की की फोटो टंगी हुई थी। जानकारी करने पर पता चला कि उस लड़की से उसके पति का अफेयर चल रहा है। अक्सर उसका पति बिना बताए कहीं चला जाता। 2 अक्तूबर को उसका पति 4 माह बाद आया। जब उसकी पुत्री ने पूछा तो शान्तुन ने उसके साथ मारपीट करते हुए कॉकरोच मारने की दवाई पिला दी। उनकी पुत्री का दिल्ली के एक अस्पताल में उपचार चला।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी पवन कुमार पाण्डेय ने बताया कि मुकदमे की विवेचना की जा रही है।