54 teachers will be honored on Teachers’ Day | शिक्षक दिवस पर होगा 54 शिक्षकों का सम्मान: आजमगढ़ और मऊ के एक भी शिक्षक नहीं बना पाए स्थान, पूर्व में शिक्षकों को मिल चुका है सम्मान – Azamgarh News

राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए आजमगढ़ और मऊ से नहीं हुआ किसी शिक्षक का चयन।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश के 54 शिक्षकों को सम्मानित करेंगे। इस शिक्षक सम्मान समारोह में बेसिक शिक्षा परिषद के 41 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
.
इसके साथ ही माध्यमिक के 13 शिक्षक शामिल हैं। गोरखपुर में होने वाले सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करेंगे।
सम्मानित होने वालों में 19 प्रधानाध्यापक और 22 सहायक अध्यापक हैं। इनमें 19 महिला शिक्षक भी हैं। वर्ष 2020 से प्रति वर्ष इस सम्मान समारोह में आजमगढ़ के शिक्षक सम्मानित होते रहे हैं। चार वर्षों में यह पहली बार हो रहा है जब शिक्षक दिवस पर आयोजित सम्मान समारोह में आजमगढ़ के शिक्षक अपनी जगह नहीं बना पाए। वर्ष 2024 में शिक्षक सम्मान के लिए आजमगढ़ से दो शिक्षकों का नाम भेजा भी गया था। पर किन्हीं कारणों से इन दोनों शिक्षकों का चयन नहीं हो सका। आजमगढ़ मंडल के अन्तर्गत आने वाले मऊ जिले से भी एक भी शिक्षक राज्य पुरस्कार के लिए चयनित नहीं हुए।
उत्तर प्रदेश राज्य शिक्षक पुरस्कार में आजमगढ़ और मऊ के शिक्षक नहीं बना पाए जगह।
2020 से चयनित होते रहे हैं आजमगढ़ के शिक्षक
यदि विगत चार वर्ष के डाटा पर नजर डाली जाय तो साफ जाहिर होता है कि चार वर्ष में पहली बार ऐसा हो रहा है जब आजमगढ़ शिक्षक सम्मान पुरस्कार से दूर हुआ है। वर्ष 2020 में शिक्षक दिवस के अवसर पर सुरेन्द्र प्रताप सिंह प्राथमिक विद्यालय कोयलसा भैरोपुर को राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2021 में कोरोना कॉल के कारण शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन भी नहीं किया गया था।
वर्ष 2022 में ठेकमा के जिलवी प्राथमिक विद्यालय के सदाशिव तिवारी को राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2023 की बात की जाय तो पल्हनी ब्लाक के इकरामपुर प्राथमिक विद्यालय में तैनात राजेन्द्र प्रसाद सेलही को राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
वर्ष 2024 में भी आजमगढ़ जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा सरायमीर के कंपोजिट विद्यालय में तैनात अभिमन्यु यादव और शिक्षक बृजेश श्रीवास्तव का नाम राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए भेजा था। पर राज्य सरकार ने इन दोनों नामों पर विचार नहीं किया। यही कारण है कि वर्ष 2024 में आजमगढ़ का एक भी शिक्षक राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित नहीं हुआ।