Har Chhath festival was celebrated with great pomp in Sant Kabir Nagar | संतकबीरनगर में धूमधाम से मनाया गया हरछठ पर्व: पुत्रों के दीर्घायु के लिए महिलाओं ने रखा व्रत, घर-घर हुई पूजा-अर्चना – Sant Kabir Nagar News

संतकबीरनगर में संतान की दीर्घायु व सुख समृद्घि की कामना को लेकर रविवार को हलषष्ठी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। माताओं ने घर के आंगन में सगरी बनाकर हलषष्ठी माता व भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की तथा पसहर चावल का सेवन कर व्रत को पूर्ण किया।
.
भादो कृष्ण षष्ठी को प्रतिवर्षानुसार मनाए जाने वाला हलषष्ठी का पर्व खलीलाबाद नगर सहित पूरे जिले में धूमधाम के साथ मनाया गया। पूजा पाठ की तैयारी को लेकर महिलाएं सुबह से ही जुटी रहीं तथा बच्चों की सुख समृद्घि व दीर्घायु की कामना को लेकर माताओं ने व्रत रखा। हलषष्ठी के दिन को प्रमुख रूप से भगवान कार्तिकेय के जयंती के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर संतानधारी महिलाएं काफी संख्या में व्रत रख पूजा-अर्चना में लगी रही। घरों के अलावा मंदिरों में पूजा पाठ का दौर सुबह से ही चल रहा।
पूजा में महुआ बीज, दही, घी रखकर पूजा-अर्चना की
यह सामग्री से माताएं करती है पूजा : इस दिन पूजा के रूप में उपयोग किए जाने वाले नारियल, अगरबत्ती, कुमकुम, बंदन, चंदन, फलाहार के साथ लाई, चना, मूंग, गेहूं, अरहर, दोना पत्तल सहित सात प्रकार के अनाज चढ़ाकर शिव पंचायत की पूजा की गई। पूजा में महुआ बीज, दही, घी रखकर पूजा-अर्चना की।
पूजा-अर्चना घरों के अलावा मठ मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, दुर्गा मंदिर सहित अनेक स्थानों व घरों में भी चला जहां सामूहिक रूप से सैकड़ों महिलाएं एकत्रित हुई तथा विधि-विधान से पूजा अर्चना कर संतान के दीर्घायु और सुख समृद्घि के लिए भगवान से मन्नातें मांगी।